नयी दिल्ली , अप्रैल 18 -- केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को उत्तर प्रदेश में 20 लाख टन आलू की खरीद को हरी झंडी दे दी। उन्होंने 'बाजार हस्तक्षेप योजना' (एमआईएस) के अंतर्गत वर्ष 2025-26 के लिए उत्तर प्रदेश सरकार के इस संबंध में आए प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की।

एक सरकारी विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गयी। इसमें कहा गया है कि उत्तर प्रदेश में आलू की खरीद 6,500.90 रुपये प्रति टन के बाजार हस्तक्षेप मूल्य पर की जाएगी। इस योजना में भारत सरकार का संभावित अंश 203.15 करोड़ रुपये रहेगा। इस कदम से उत्तर प्रदेश के आलू उगाने वाले किसानों को सही दाम मिलने में सहायता मिलेगी और उन्हें अपनी उपज औने-पौने दाम पर बेचने की मजबूरी से राहत मिलेगी।

श्री चौहान ने उत्तर प्रदेश के साथ-साथ आंध्र प्रदेश में चना खरीद और कर्नाटक में अरहर (तूर) खरीद की अवधि विस्तार को भी मंजूरी दी है। श्री चौहान ने आज विभिन्न राज्यों के कृषि मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर ये स्वीकृतियां प्रदान कीं।

श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसानों को उनकी मेहनत का उचित दाम मिले और उन्हें किसी भी स्थिति में कम दाम पर अपनी फसल बेचने के लिए विवश न होना पड़े।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित