लखनऊ , अप्रैल 08 -- उत्तर प्रदेश में लखनऊ समेत उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में मंगलवार शाम तेज हवाओं, गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हुई।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दो दिनों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रहेंगी। प्रदेश में मंगलवार को दिनभर की तपिश के बाद शाम को अचानक मौसम सुहावना हो गया, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।
शाम होते-होते लखनऊ में बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश शुरू हो गई। इसी तरह के हालात प्रदेश के अन्य जिलों में भी देखने को मिले।
मौसम विभाग के पश्चिमी से पूर्वी उत्तर प्रदेश तक कई जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गयी। सहारनपुर से लेकर सोनभद्र और आगरा तक मौसम का असर देखा गया। प्रदेश के कई जिलों में पांच मिमी तक बारिश दर्ज की गयी।
मौसम विभाग के अनुसार लखनऊ, रायबरेली, उन्नाव, प्रतापगढ़, प्रयागराज, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, आजमगढ़, अंबेडकरनगर, संतकबीरनगर, लखीमपुर खीरी, पीलीभीत, बरेली, रामपुर, मुरादाबाद, अमरोहा, बिजनौर, बदायूं, हरदोई और शाहजहांपुर में येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां 40 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने और हल्की गरज-चमक की संभावना है।
बहराइच, बाराबंकी, सीतापुर, बस्ती, गोंडा, सुल्तानपुर और अमेठी में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में 41 से 61 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ मध्यम स्तर के तूफान की आशंका जताई गयी है।
मंगलवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कानपुर में अधिकतम 35 और न्यूनतम 18 डिग्री, जबकि गोरखपुर में तापमान 36 डिग्री से ऊपर रहा। वाराणसी और प्रयागराज में अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं, बांदा में सबसे अधिक 38.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि बिजनौर में न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया ।
आईएमडी के अनुसार, आने वाले दो दिनों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रहेंगी। इस दौरान 60 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित