रायपुर, 11 अप्रैल 2026 (वार्ता) छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूरा हो गया है जिनमें कुछ विद्यार्थियों ने की उत्तीर्ण करने के लिए भावनात्मक अपीले की हैं।
मूल्यांकन प्रक्रिया से जुड़े सूत्रों के अनुसार, कुछ विद्यार्थियों ने उत्तीर्ण होने के लिए उत्तर पुस्तिकाओं में अलग-अलग अनुरोध किये हैं। एक छात्र ने पूरी हनुमान चालीसा लिखते हुए परीक्षक से आग्रह किया कि यदि वह हनुमान जी के भक्त हैं, तो उसे उत्तीर्ण कर दिया जाये। एक छात्रा ने अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए लिखा, "उसकी शादी तय है, कृपया 33 अंक देकर उसे आशीर्वाद प्रदान किया जाये।"इसी तरह एक अन्य छात्रा ने उल्लेख किया कि यदि वह परीक्षा में असफल हो गयी तो उसकी शादी नहीं हो पाएगी, ऐसा बताकर उसने उत्तरपुस्तिका में लिखा है, " गरीब की बेटी की शादी तय है बस 33 नंबर देकर बेटी को आशीर्वाद दीजिए"कुछ परीक्षार्थियों ने परिवार की आर्थिक स्थिति और व्यक्तिगत परिस्थितियों का जिक्र करते हुए सहानुभूति के आधार पर अंक देने की अपील भी की। एक छात्र ने यह भी लिखा कि वह नीट परीक्षा की तैयारी में व्यस्त था, जिसके कारण बोर्ड परीक्षा की तैयारी नहीं कर सका।
जानकारी के मुताबिक, इस वर्ष कुल दो लाख 66 हजार 173 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूरा किया गया है। पिछले वर्षों की तुलना में हालांकि इस तरह की अपीलों की संख्या कम बतायी जा रही है, लेकिन सामने आये मामलों ने मूल्यांकन प्रक्रिया के दौरान विशेष ध्यान आकर्षित किया है।
इस सत्र में कक्षा 10वीं में तीन लाख 23 हजार 687 तथा 12वीं में दो लाख 46 हजार 862 विद्यार्थी पंजीकृत हुए थे। उल्लेखनीय है कि दोनों ही कक्षाओं में छात्राओं की संख्या छात्रों से अधिक रही। हाईस्कूल में 33 हजार 892 और हायर सेकेंडरी में 36 हजार से अधिक छात्राएं ज्यादा रहीं।
मंडल के एक अधिकारी ने नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर बताया कि मूल्यांकन पूरी तरह नियमों के तहत किया गया है और इस तरह की अपीलों का परिणाम पर कोई प्रभाव नहीं पड़ता। अब सभी की नजरें बोर्ड परीक्षा परिणाम की घोषणा पर टिकी हुई हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित