जयपुर , अप्रैल 01 -- उत्तर पश्चिम रेलवे ने वित्त वर्ष 2025-26 में प्रारम्भिक आय 8622 करोड़ रूपये अर्जित की है, जिसमें यात्री आय से 3727 करोड़ रुपए तथा माल यातायात से 3865 करोड़ रुपए प्राप्त किए हैं।
उत्तर पश्चिम रेलवे के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार उत्तर पश्चिम रेलवे ने वर्ष 2025-26 में 8622 करोड़ रूपये की कुल प्रारम्भिक आय अर्जित की है। यह उत्तर पश्चिम रेलवे का अभी तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। यह कुल आय गत वर्ष 2024-25 की तुलना में 7.5 प्रतिशत अधिक है। उत्तर पश्चिम रेलवे ने प्रारम्भिक यात्री आय से 3727 करोड़ रूपये अर्जित किए है जो कि गत वर्ष से 9.8 प्रतिशत अधिक है।
उल्लेखनीय है कि उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा मार्च में 353 करोड़ रूपये की यात्री आय अर्जित की गई जो कि किसी भी एक महीने में सर्वाधिक है। इसके साथ ही माल परिवहन से 3865 करोड़ रूपये प्राप्त किए है जो गत वर्ष से 7.2 प्रतिशत अधिक है।
उत्तर पश्चिम रेलवे पर आय को बढ़ाने के लिए संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जा रहा है जिसके तहत रेलवे राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। उत्तर पश्चिम रेलवे महाप्रबंधक अमिताभ के नेतृत्व में उत्तर पश्चिम रेलवे ने यात्री तथा माल परिवहन संचालन में सम्पूर्ण भारतीय रेलवे पर अलग पहचान बनाई है तथा अधिक राजस्व को प्राप्त कर रेल यात्रियों को सुगम परिवहन की अत्याधुनिक सुविधाएं प्रदान कर कर रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित