रामनगर , जनवरी 21 -- उत्तराखंड के रामनगर में वन अधिकारियों के नेतृत्व में वन सुरक्षा बल टीम ने अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।

कल 20 जनवरी 2026 की देर रात्रि, मुखबिर खास से प्राप्त गोपनीय सूचना के आधार पर वन सुरक्षा बल टीम द्वारा जुड़का क्षेत्र में छानबीन अभियान चलाया गया। मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर तलाशी के दौरान खैर प्रजाति की लकड़ी के कुल 09 गिल्टे बरामद किए गए।

रात्रि लगभग 1:00 बजे तीन बाइक सवार तस्कर बरामद गिल्टों को उठाने के लिए मौके पर पहुंचे। जैसे ही टीम ने उन्हें पकड़ने के लिए कार्रवाई की, तस्कर अंधेरे और खेतों का लाभ उठाकर भागने लगे। इस दौरान मौके पर ही बाइक छोड़कर दो आरोपी फरार हो गए, जबकि एक आरोपी कमल जीत सिंह पुत्र तलबिरंदर सिंह निवासी ग्राम चनकपुर बरैनी जिला उधमसिंह नगर को गिरफ्तार कर लिया गया।

इसके बाद बरामद समस्त खैर प्रकाष्ठ एवं तस्करी में प्रयुक्त बाइकों को वन अभिरक्षा में लेते हुए सुरक्षित रखवा दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित