हरिद्वार , जनवरी 25 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में शारदीय कांवड़ मेले को सफलतापूर्वक, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराए जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी प्रशासन पी.आर. चौहान की अध्यक्षता में एचआरडीए सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शरदीय कांवड़ मेले के सफल संचालन हेतु सभी व्यवस्थाएं समय रहते चाक-चौबंद कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि 02 फरवरी से प्रारंभ हो रहे मेले के लिए जिस विभाग को जिस स्तर पर जो भी व्यवस्थाएं करनी हैं, उन्हें आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा को सरल, सुगम, सुरक्षित एवं सुखद बनाया जाए, ताकि श्रद्धालु हरिद्वार से सकारात्मक और सुखद अनुभव लेकर लौटें। कांवड़ यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
अपर जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग को गौरीशंकर क्षेत्र में प्रस्तावित पार्किंग स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। वहीं यूपीसीएल एवं जल संस्थान को विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने को कहा गया।
उन्होंने आगामी मेलों को दृष्टिगत रखते हुए एनएचएआई के अधिकारियों को नजीबाबाद रोड पर मौजूद गड्ढों की मरम्मत कराने तथा राष्ट्रीय राजमार्ग पर नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही हरिद्वार से चिड़ियापुर तक सड़क, पानी, बिजली, पार्किंग एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा।
वन विभाग, सिंचाई विभाग, पर्यटन विभाग एवं जिला पंचायत को मेले के दौरान अपने-अपने क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। नगर निगम को शहरी क्षेत्रों में दिन में तीन बार कूड़ा उठान एवं सफाई सुनिश्चित करने तथा नजीबाबाद मार्ग पर पर्याप्त साइनेज बोर्ड लगाए जाने के निर्देश दिए गए, जिससे कांवड़ यात्रियों को मार्गदर्शन में कोई असुविधा न हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित