भराड़ीसैंण , मार्च 10 -- उत्तराखंड विधानसभा (विस) के बजट सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को एक सवाल के जवाब में लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने बताया कि प्रदेश में लोक निर्माण विभाग नवंबर के प्रथम सप्ताह तक सात हजार से अधिक किमी सडकों को गड्डा मुक्त कर चुका है।

श्री सतपाल ने पंचायतराज विभाग संबंधी एक अन्य सवाल के उत्तर में बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दूसरे कार्यकाल के बीते चार साल में प्रदेश में 819 पंचायत भवनों का निर्माण पुननिर्माण किया गया है। प्रदेश में पंचायत भवनों की संख्या 5867 है। इसमें से 1134 पंचायत भवन लंबे समय से जीर्णशीर्ण चल रहे थे। इसी क्रम में श्री धामी ने पंचायतीराज विभाग को अभियान चलाकर जीर्ण- शीर्ण भवनों का पुनर्निमाण करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद गत चार वर्ष में विभाग ने 819 पंचायत भवनों का निर्माण- पुननिर्माण कर लिया है। शेष भवनों पर भी कार्य किया जा रहा है।

लोक निर्माण विभाग मंत्री ने बताया कि प्रदेश में लोक निर्माण विभाग नवंबर के प्रथम सप्ताह तक सात हजार से अधिक किमी सडकों को गड्डा मुक्त कर चुका है। सड़कों को गड्डा मुक्त करने मुख्यमंत्री के सख्त निर्देशों के क्रम में विभाग ने वर्ष 2025-26 में मानसून काल से पूर्व 3134 किमी लंबी सड़कों को गड्डा मुक्त किया। जबकि मानसून के बाद पिछले साल 10 नवंबर तक 4149.17 किमी लंबी सड़कों को गड्डा मुक्त किया। उन्होंने बताया कि इस दौरान अकेले हरिद्वार जनपद में 313 किमी से अधिक लंबी सड़कों को गड्डा मुक्त किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित