रामनगर , मार्च 17 -- उत्तराखंड में मंगलवार सुबह रामनगर काशीपुर राष्ट्रीय राजमार्ग 309 पर रिलायंस पेट्रोल पम्प के पास कार और जिप्सी की भिडंत में महिला पर्यटक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

गौरतलब है कि एक कार अनियंत्रित होकर मोटरसाइकिल को टक्कर मारते हुए जिप्सी से भिड गयी। पुलिस के अनुसार महिला पर्यटक शेफाली चावला अपने परिवार के साथ जिप्सी में फाटो पर्यटन जोन से सफारी कर लौट रही थी, इसी दौरान एक अनियंत्रित कार जिप्सी से टकरा गई। जिससे महिला पर्यटक शेफाली घायल हो गयी। बताया जाता है कि इससे पहले कार ने दो-तीन मोटरसाइकिलों को भी टक्कर मारी थी, जिनमें से एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक, विकास और प्रताप सिंह, गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

घटना के तुरंत बाद घायलों को स्थानीय लोगो की मदद से रामनगर के प्राइवेट अस्पताल बृजेश हॉस्पिटल लाया गया, जहां अस्पताल के चिकित्सक डॉ. अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि महिला पर्यटक शेफाली चावला और मोटरसाइकिल सवार विकास का उपचार अस्पताल में जारी है, जबकि प्रताप सिंह की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद रामनगर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। कार चालक की पहचान कर उसे हिरासत में लेने की तैयारी की जा रही है।

स्थानीय लोगों और पर्यटकों का कहना है कि यह मार्ग अक्सर खतरनाक हो जाता है, खासकर जब वाहनों की गति नियंत्रित नहीं होती। उन्होंने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के कड़े उपाय और तेज गति वाले वाहनों पर नियंत्रण की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित