नैनीताल , मार्च 13 -- उत्तराखंड में राजस्व संवर्धन और जनहित को ध्यान में रखते हुए मार्च में अवकाश के दिनों में भी निबंधन कार्यालय खुले रहेंगे और रजिस्ट्री का कार्य किया जाएगा।

अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) शैलेन्द्र सिंह नेगी ने बताया कि महानिरीक्षक निबंधन उत्तराखंड के निर्देशों के क्रम में मार्च के द्वितीय शनिवार 14 मार्च तथा चतुर्थ और पंचम रविवार 22 तथा 29 मार्च को उप-निबंधन कार्यालयों में पंजीकरण कार्य संपादित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इन तिथियों पर आम दिनों की तरह ही रजिस्ट्री और निबंधन से जुड़े अन्य कार्य किए जाएंगे, जिससे लोगों को सुविधा मिल सके और राजस्व में भी वृद्धि हो।

इस संबंध में अपर जिलाधिकारी ने आदेश जारी करते हुए जिला सहायक महानिबंधक, सभी उप-निबंधक और प्रभारी उप-निबंधकों को निर्देश दिए हैं कि निर्धारित अवकाश तिथियों पर भी कार्यालय खुले रखकर निबंधन कार्य सुनिश्चित करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित