कोटद्वार/देहरादून , फरवरी 22 -- उत्तराखंड के पौड़ी जनपद में एक व्यक्ति की फर्जी अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करते हुए लाखों रुपए की ठगी करने के मामले में वांछित इनामी अभियुक्त स्थानीय पुलिस ने लगभग डेढ़ वर्ष बाद तमिलनाडु राज्य से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। यह अभियुक्त मूलतः हरियाणा के मेवात जनपद के नूंह क्षेत्र का रहने वाला है।

पौड़ी जनपद के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सर्वेश पंवार ने रविवार को बताया कि 04 मई वर्ष 2024 को जनपद के कोटद्वार निवासी एक व्यक्ति ने शिकायती प्रार्थना पत्र दिया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने वादी की एडिट अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड़ करने की धमकी देकर वादी से 3 लाख 54 हजार रूपए की धोखाधड़ी की है। उन्होंने बताया कि उक्त तहरीर के आधार पर कोतवाली कोटद्वार में मुकदम संख्या 125/2024, धारा 420 भादवि बनाम अज्ञात पंजीकृत किया गया।

उन्होंने बताया कि विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा ठोस साक्ष्य संकलन, तकनीकी विश्लेषण एवं कुशल सुरागरसी-पतारसी के माध्यम से प्रकरण में संलिप्त अभियुक्त पवन, निवासी गुरुदासपुर, पंजाब को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। प्रकरण में जांच के दौरान अन्य अभियुक्त रुक्कू की संलिप्तता भी प्रकाश में आई थी। जिसकी गिरफ्तारी को पुलिस टीम ने अभियुक्त के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी, किन्तु वह लगातार अपने ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बचता रहा।

एसपी ने बताया कि अभियुक्त की लगातार फरारी को गंभीरता से लेते हुए गिरफ्तारी पर पांच हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया और फिर से टीम गठित कर अभियुक्त को गिरफ्तार करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने बताया कि इसी दौरान, प्रभारी निरीक्षक कोटद्वार के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस टीम ने वांछित इनामी अभियुक्त रुक्कू को तमिलनाडु से सफलतापूर्वक गिरफ्तार किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित