नैनीताल , फरवरी 05 -- उत्तराखंड के हल्द्वानी पुलिस ने निवेश के नाम पर जनता की करोड़ों की गाढ़ी कमाई पर हाथ साफ करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डा0 मंजूनाथ टीसी ने गुरूवार को इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि सबसे पहले आरोपियों ने वर्ष 2017 में हल्द्वानी और रामनगर में बहुद्देश्यीय स्वायत्त सहकारी नामक संस्था खोली गई। हल्द्वानी मुखानी में कपिल काम्पलैक्स में इस संस्था का कार्यालय खोला गया।

उत्तराखंड सरकार का पंजीकरण का हवाला देकर आरोपियों ने अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जिलों में लोगों को अधिक व्याज और गारंटी के नाम पर निवेश का झांसा दिया।

उन्होंने बताया कि जांच में पता चला कि कुमाऊं से हजारों निवेशकों की ओर से 6.80 करोड़ की धनराशि निवेश की गयी। इसके बाद संस्था संचालक हेमचंद पंत निवासी हरिपुर नायक, कुसुमखेड़ा, थाना मुखानी, जनपद नैनीताल और विकास दुर्गापाल निवासी एसकेएम स्कूल के पास, देहरिया, कोतवाली हल्द्वानी, नैनीताल फरार हो गये।

वर्ष 2023 में आरोपियों के खिलाफ हल्द्वानी में पहली शिकायत दर्ज कराई गई। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपियों के खिलाफ अभी तक हल्द्वानी और रामनगर में तीन शिकायतें दर्ज कराई गई हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खाते से करोड़ों के निवेश के तथ्य मिले। आखिरकार लंबी जांच और दबिश के बाद दोनों आरोपियों को कल रात को लालकुआं से गिरफ्तार कर लिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित