नैनीताल , अप्रैल 02 -- उत्तराखंड में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर कांग्रेस ने उत्तराखंड में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। पार्टी की वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा आठ से 12 अप्रैल तक प्रदेश का दौरा करेंगी, जिसमें वह विभिन्न जिलों में संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं में जोश भरने का काम करेंगी।

कांग्रेस द्वारा गुरुवार को जारी कार्यक्रम के अनुसार, कुमारी सैलजा आठ अप्रैल को नयी दिल्ली से रुद्रपुर पहुंचेंगी और उधमसिंह नगर के वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगी। इसके बाद वह हल्द्वानी में रात्रि विश्राम करेंगी।

अगले दिन नौ अप्रैल को नैनीताल जिले के हल्द्वानी में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगी जिसके बाद वह कोटद्वार जाएंगी, जहां पार्टी पदाधिकारियों से संवाद करेंगी। 10 अप्रैल को हरिद्वार में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक और गंगा आरती में उनके शामिल होने का कार्यक्रम है।

11 अप्रैल को मसूरी में नगर कांग्रेस द्वारा आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद वह देहरादून लौटेंगी। वहीं 12 अप्रैल को देहरादून में विभिन्न संगठनों के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद दिल्ली के लिए रवाना होंगी।

इस दौरान वह प्रदेश कांग्रेस पदाधिकारियों, जिला एवं महानगर इकाइयों, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई और अन्य प्रकोष्ठों के साथ बैठक कर आगामी चुनावों की रणनीति पर चर्चा करेंगी।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कांग्रेस नेता का यह दौरा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित