ऋषिकेश , अप्रैल 09 -- उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा का शुभारंभ आगामी 19 अप्रैल से होने जा रहा है। यात्रा को लेकर प्रशासन एवं संबंधित समितियों द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति ने लगभग 2200 वाहनों को यात्रा संचालन के लिए आरक्षित किया है।

गुरुवार को संयुक्त यात्रा बस अड्डा परिसर स्थित एक होटल में यात्रा के लिए चयनित 1875 वाहनों की लॉटरी प्रक्रिया विधिवत रूप से संपन्न कराई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित हरिकृष्ण उनियाल के सानिध्य में विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुआ, जिसके पश्चात लॉटरी निकाली गई।

समिति के अध्यक्ष भास्करानंद भारद्वाज ने मटके से पहली पर्ची निकालकर यात्रा की औपचारिक शुरुआत की। पहली पर्ची में जीएमसीसी कंपनी की बस का चयन हुआ। इस बस के स्वामी अजय बधानी हैं, जिन्हें इस वर्ष चारधाम यात्रा की पहली बस संचालन का अवसर प्राप्त हुआ।

लॉटरी के अनुसार यात्रा पर जाने वाली प्रथम पांच बसों में जीएमसीसी की बस के बाद जीएमओ के स्वामी संदीप बिष्ट, टीजीएमओ के स्वामी लोकेश सेमवाल, टीजीएमओ के स्वामी आकाश धनै तथा जीएमओयू के स्वामी रामेंद्र सिंह नेगी की बसें शामिल हैं।

चारधाम यात्रा प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र रहती है। इस वर्ष भी देश-विदेश से बड़ी संख्या में तीर्थयात्रियों के आने की संभावना जताई जा रही है, जिसके दृष्टिगत परिवहन सहित अन्य व्यवस्थाओं को सुदृढ़ और व्यवस्थित किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित