टिहरी , फरवरी 12 -- उत्तराखंड के टिहरी में नगर पंचायत घनसाली क्षेत्र स्थित श्रीराम होटल में गुरुवार को तीन दिवसीय घनसाली बसंत महोत्सव-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में प्रदेश के कैबिनेट एवं पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर विधायक शक्तिलाल शाह, जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल,भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

मंत्री सतपाल महाराज ने बसंत महोत्सव को प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत एवं सामाजिक एकता का प्रतीक बताते हुए कहा कि बसंत प्रकृति के नवजीवन, ऊर्जा और खुशियों का संदेश देता है। यह पर्व समाज को जोड़ने और सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजने का अवसर भी प्रदान करता है। उन्होंने लोगों से महोत्सव का आनंद लेने और प्रेम व सौहार्द का संदेश फैलाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने घनसाली विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इनमें लोक निर्माण विभाग की 1.71 करोड़ रुपये की योजना, सिंचाई विभाग की 10.69 करोड़ रुपये की दो योजनाएं तथा पंचायती राज विभाग के 60 लाख रुपये की लागत से बने तीन पंचायत भवनों का लोकार्पण शामिल है। इस प्रकार नगर पंचायत घनसाली को कुल 1301.42 लाख रुपये की विकास योजनाओं की सौगात मिली।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित