देहरादून, दिसंबर 29 -- उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को अंकिता भंडारी मामले पर विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूरी की ओर से चुप्पी साधे जाने के विरोध में प्रदर्शन किया।
महिला कांग्रेस पदाधिकारियों ने यमुना कॉलोनी स्थित रितु खंडूरी के सरकारी आवास घेराव करने जा रही महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने यमुना कॉलोनी के मुख्य गेट के सामने धरना दिया।
महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि विगत तीन वर्षों मे जितनी भी महिला अपराध की घटनाएं घटित हुई है उनमें से अधिकतर मामलों में भाजपा नेताओं की संलिप्तता पाई गई है, जिस कारण इन मामलों में कोई भी कार्रवाई नहीं हो पाई है। इन सभी घटनाओं में भाजपा की नेत्रियां मौन साधे हुए है।
इससे स्पष्ट होता है कि भाजपा नेत्रियों को ना तो राज्य की बेटियों के अस्मिता से कोई लेना-देना है और ना ही अपनी ही पार्टी में बैठे ऐसे नेताओं की करगुजारियों से लेना देना है। ज्योति रौतेला का कहना है कि भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर की पत्नी ने अंकिता हत्याकांड को लेकर कई खुलासे किए हैं।
जिसमें पूर्व विधायक की पत्नी ने भाजपा के शीर्ष नेता का नाम उजागर किया है। उसके बावजूद भाजपा नेत्रियों की ओर से इस गंभीर विषय पर चुप्पी साधे रखना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष रितु भूषण खंडूरी को एक महिला होने के नाते अंकिता हत्याकांड पर आये नये मोड़ पर अपनी चुप्पी तोड़नी चाहिए, और रिजॉर्ट मे बुलडोजर चलवाकर सबूत मिटाने वाली विधायक रेणु बिष्ट की विधानसभा सदस्यता को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त करना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित