देहरादून , अप्रैल, 02 -- उत्तराखंड के मंत्री गणेश जोशी ने गुरुवार को मसूरी-देहरादून मार्ग पर पर्यटन सीजन को ध्यान में रखते हुए निर्माणाधीन वैली ब्रिज के निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले श्री जोशी ने लोक निर्माण विभाग एवं वन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर पर्यटन मौसम के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से स्थायी पुल के निर्माण से पहले एक ओर अस्थायी वैली ब्रिज बनाने के निर्देश दिए थे।

आज उन्होंने निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि पर्यटन मौसम प्रारंभ होने से पूर्व हर हाल में वैली ब्रिज का निर्माण कार्य पूर्ण किया जाए ताकि पर्यटकों एवं स्थानीय नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि इस वैली ब्रिज के निर्माण से मसूरी-देहरादून मार्ग पर यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी तथा आवागमन अधिक सुगम हो सकेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित