देहरादून, जनवरी 13 -- उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और कांग्रेसी नेताओं के लगातार प्रदर्शन को उनकी पार्टी में अंदरूनी संघर्ष का परिणाम बताया है।

भाजपा ने काशीपुर प्रकरण में स्पष्ट किया है कि एसआईटी गठित और लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की गई है और आगे जो भी दोषी सामने आएगा कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।

देहरादून के बलबीर रोड स्थित पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों के सवालों के जवाब देते हुए मंगलवार को भाजपा विधायक एवं प्रदेश प्रवक्ता विनोद चमोली ने श्री रावत के देर रात किए धरने प्रदर्शन को सुर्खियां बटोरने की कोशिश बताया।

उन्होंने कहा कि जनता की ओर से बार-बार नकारे जाने के बाद श्री रावत अपनी ही पार्टी में हाशिए पर चले गए हैं। यही कारण है कि वह सोशल मीडिया के माध्यम से और हर छोटी बड़ी घटना में अपनी भूमिका तलाशने की कोशिश में लगे रहते हैं,चाहे वह उनके पद, गरिमा और उम्र के लिए ही चुनौती ही क्यों न बन जाए।

उन्होंने कहा कि यह चुनावी वर्ष है तो हरीश रावत और कांग्रेस पार्टी का इस तरह का राजनैतिक हरकतें दिख रहा है।

चमोली ने काशीपुर में किसान के आत्महत्या मामले को दुखद एवं गंभीर बताते हुए उन्होंने कहा कि इस संबंध में मुख्यमंत्री धामी के निर्देश पर तत्काल संवेदनशील एवं सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है, इसको लेकर एसआईटी गठित कर दी गई है और प्राथमिक रूप से आरोपी पाए गए पुलिस कर्मियों को निलंबित किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित