रामनगर, 24फरवरी(वार्ता) उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाएं प्रदेश भर में शांतिपूर्ण ढंग से जारी हैं, इस बीच हरिद्वार जनपद से नकल का पहला मामला सामने आया है, जहां सचल दल ने हाईस्कूल हिंदी की परीक्षा के दौरान आठ नकलचियों को पकड़कर कार्रवाई की है।

जानकारी के अनुसार हरिद्वार में प्राइवेट रूप से हिंदी की परीक्षा दे रहे कुल आठ परीक्षार्थियों को नकल करते हुए पकड़ा गया, जिनमें चार छात्र और चार छात्राएं शामिल हैं,हरिद्वार से नकलचियों का मामला सामने आने के बाद राज्य में अब तक पकड़े गए कुल नकलचियों की संख्या आठ हो गई है,मंगलवार को हाईस्कूल हिंदी विषय की परीक्षा संपन्न हुई, जो शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित की गई।

हालांकि परीक्षा में अनुपस्थित रहने वाले परीक्षार्थियों की संख्या भी उल्लेखनीय रही,हिंदी विषय की परीक्षा में कुल 3,359 परीक्षार्थी अनुपस्थित दर्ज किए गए।

परिषद सचिव विनोद प्रसाद सिमल्टी ने परीक्षा संबंधी जानकारी देते हुए बताया कि हाईस्कूल हिंदी विषय में कुल 1,11,936 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 1,08,577 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया,परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी और उड़नदस्तों की सक्रियता के चलते नकल पर नियंत्रण बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है।

वहीं इंटरमीडिएट स्तर पर भी परीक्षाएं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित हो रही हैं। इंटरमीडिएट में हिंदुस्तानी संगीत गायन-वादन विषय में 21 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे, जबकि हिंदुस्तानी संगीत मेलोडिक वादन में एक परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल नहीं हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित