रामनगर , फरवरी 25 -- उत्तराखंड के देहरादून में गत 21 फरवरी को उत्तराखंड बोर्ड के शिक्षा निदेशक के साथ मारपीट एवं अभद्रता की घटना के विरोध में प्रदेशभर में चल रहा कार्य बहिष्कार आन्दोलन लगातार तेज होता जा रहा है और इसी क्रम में बुधवार को तीसरे दिन भी उत्तराखण्ड विद्यालयी शिक्षा परिषद् में अधिकारी, शिक्षक और कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से धरना प्रदर्शन जारी रखा।
यह आन्दोलन विभिन्न संगठनों के प्रान्तीय स्तर पर गठित अधिकारी-शिक्षक कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के नेतृत्व में संचालित किया जा रहा है। धरना स्थल पर वक्ताओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया और दोषियों के खिलाफ तत्काल कठोर कार्रवाई की मांग उठाई।
वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार की घटनाओं से सरकारी संस्थानों में कार्यरत अधिकारियों, शिक्षकों और कर्मचारियों के बीच असुरक्षा का माहौल बन रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि सरकारी कार्यालयों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए तथा कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्पष्ट एसओपी जारी की जाए, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित