नैनीताल , दिसंबर 30 -- उत्तराखंड बार कौंसिल के चुनाव फिलहाल टल गये हैं। बार कौंसिल के चुनाव अब नये वर्ष में 04 फरवरी के बजाय 17 फरवरी को होंगे।
बार कौंसिल चुनाव को लेकर गठित उच्चाधिकार प्राप्त समिति की बैठक में मंगलवार को यह निर्णय लिया गया। बैठक समिति के अध्यक्ष न्यायमूर्ति राजीव शर्मा की अगुवाई में आयोजित की गयी जिसमें सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति कुलदीप सिंह और यूसी ध्यानी की ओर से प्रतिभाग किया गया।
उत्तराखंड बार एसोसिएशन और प्रदेश की विभिन्न बार एसोसिएशनों की ओर से बार कौंसिल के 04 फरवरी को होने वाले चुनाव पर आपत्ति दर्ज की गयी थी। शीतकालीन अवकाश और मौसम को देखते हुए चुनाव को टालने की मांग की गयी थी।
इसके पीछे तर्क दिया गया था कि पहाड़ी क्षेत्रों में मौजूद जिला अदालतें और सिविल कोर्ट 02 जनवरी से 30 जनवरी तक बंद रहेंगी। साथ ही उच्च न्यायालय में भी नये वर्ष में 11 जनवरी से 08 फरवरी तक शीतकालीन अवकाश रहेगा।
बार कौंलिस के अध्यक्ष महेन्द्र सिंह पाल की ओर से भी चुनाव की तिथि को लेकर आपत्ति दर्ज करायी गयी। इसी को देखते हुए समिति ने 04 फरवरी की तिथि को टालते हुए 17 फरवरी की तिथि तय कर दी।
समिति ने बार कौंसिल के सचिव को निर्देशित करते हुए कहा कि इस संदर्भ में जल्द नयी अधिसूचना जारी करें और वेबसाइट पर अपलोड करें। यह भी निर्णय लिया गया कि 19 फरवरी तक मतपेटियों को बार कौंसिल के कार्यालय तक पहुंचाना अनिवार्य होगा।
यह भी निर्णय लिया गया कि इसके अगले दिन 20 फरवरी, 2026 को मतगणना की जायेगी। हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष डीसी रावत, उपाध्यक्ष सुशील वशिष्ट और पूर्व अध्यक्ष डीसी मेहता तथा पूर्व महासचिव वीरेन्द्र रावत ने समिति के इस निर्णय पर खुशी जाहिर की और आभार जताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित