हल्द्वानी , मार्च 25 -- पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के बीच उत्तराखंड के हल्द्वानी में कई जगहों से पेट्रोल-डीजल के किल्लत की खबरें सामने आ रही हैं।

जिले के कई पेट्रोल पंपों पर "पेट्रोल समाप्त है" का नोटिस चिपका हुआ है, कई लोग स्कूटी, बाइक, कार की टंकी फुल करवा रहे हैं। पेट्रोल पंप कर्मचारियों का कहना है की पीछे से सप्लाई पर असर पड़ा है, कई पेट्रोल पंप पर स्पीड पेट्रोल है लेकिन नॉर्मल पेट्रोल नही है, उम्मीद की जा रही है की पेट्रोल की सप्लाई ठीक हो।

पर्वतीय पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह चड्ढा ने बुधवार को कहा पेट्रोल डीजल की हालत सामान्य है लेकिन कंपनियां डिमांड के अनुरूप सप्लाई नहीं दे पा रही है जिससे संकट के आसार नजर आ रहे हैं,। उन्होंने ग्राहकों से अनुरोध किया है कि घबराएं नहीं और अपनी जरूरत के हिसाब से ही डीजल-पेट्रोल लें और जमाखोरी ना करें। उन्होंने कहा अभी ड्राई जैसे हालात तो नहीं है लेकिन अगले दो-तीन दिन में अगर हालात सामान्य नहीं हुए तो दिक्कत बढ़ सकती है।

पेट्रोल डीजल की सप्लाई पर सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी का कहना है कि सभी पेट्रोलियम कंपनियों से बात चल रही है, सप्लाई में किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं है लेकिन बिना वाहन के किसी अन्य माध्यम से पेट्रोल और डीजल नहीं दिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित