हरिद्वार , फ़रवरी 13 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में झुग्गी-झोपड़ी पीठ बाजार से धनौरी मार्ग नहर पटरी पर हुई चाकूबाजी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार 11 फरवरी 2026 को आपसी विवाद के दौरान मारपीट और चाकूबाजी की घटना सामने आई थी। शिकायतकर्ता निल पुत्र बलबहादुर लिम्बू ने आरोप लगाया कि शेख कासिम ने उसके साथी अजय पर चाकू से कई वार कर जानलेवा हमला किया। इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गयी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए हरिद्वार पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान घटना में प्रयुक्त अवैध चाकू बरामद हुआ,जिसके आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा भी बढ़ा दी गयी है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मूल रूप से भरूच, गुजरात का निवासी है। पुलिस टीम ने उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित