नयी दिल्ली , मार्च 23 -- लोकसभा में शुक्रवार को उत्तराखंड के भूतिया गांव के विकास के लिए सीमावर्ती गांव के लिए बनी वाइब्रेट विलेज योजना कि तर्ज पर विशेष विकास कार्य योजना बनाई जाने की मांग की गई।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अजय भट्ट ने आज शून्यकाल में उत्तराखंड के भूतिया गांव का मुद्दा उठाया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जिस तरह से वाइब्रेट गांव योजना के माध्यम से सीमावर्ती गांव के विकास को असाधारण प्रगति का अवसर दिया है उसी तरह से उत्तराखंड के भूतिया गांवों के विकास के लिए भी विशेष योजना बनाई जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में बड़े स्तर पर गांव से पलायन हुआ है जिसके कारण पहाड़ के सैकड़ो गांव खाली हो चुके हैं और अब वहां कोई आबादी नहीं है इसलिए इस तरह के गांवों को अब भूतिया गांव कहा जा रहा है।

श्री भट्ट ने कहा कि इन भूतिया गांव की संख्या लगातार और तेजी से बढ़ रही है इसलिए इन गांवों के विकास के लिए योजना बनाई जानी चाहिए ताकि पलायन कर गए लोग वापस आकर गांव में रहना शुरू करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित