देहरादून, मार्च 07 -- उत्तराखंड की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को और अधिक उन्नत बनाने के लिये सरकार ने प्रत्येक विकासखण्ड में अल्ट्रासाउण्ड व एक्स रे मशीन उपलब्ध कराये जाने का निर्णय लिया है। ताकि ब्लाॅक स्तर पर आम लोगों को अल्ट्रासाउण्ड व एक्स-रे की सुविधा मुहैया कराई जा सके।

इसको लेकर स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने विभागीय अधिकारियों को छह महीने के भीतर ब्लाॅक स्तर पर अल्ट्रासाउण्ड व एक्स-रे पहुंचाने का टारगेट दिया है।

साथ ही चिकित्सा इकाईयों में रेडियोलॉजिस्ट व एक्स-रे तकनीशियनों की तैनाती के लिये भी अधिकारियों को कहा है।

धन सिंह रावत ने शनिवार को बताया कि राज्य सरकार प्रदेश में चिकित्सा सेवाओं को लगातार अपग्रेड करने में जुटी है ताकि आम लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सके।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की विषम भौगोलिक परिस्थति एवं मरीजों की समस्याओं को दृष्टिगत रखते हुये सरकार ने विकासखंड स्तर पर अल्ट्रासाउण्ड व एक्स-रे की सुविधा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है।

जिसके तहत प्रत्येक ब्लॉक में अल्ट्रासाउण्ड व एक्स-रे मशीन उपलब्ध कराई जायेगी। इसके लिये सभी जनपदों के मुख्य चिकित्साधिकारियों को विकासखण्ड स्तर पर उप जिला चिकित्सालय व सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में अल्ट्रासाउण्ड व एक्स-रे मशीन के लिये प्रस्ताव बनाकर शीघ्र शासन को उपलब्ध कराने को कहा गया है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में सभी 95 ब्लॉक में 84 एक्स-रे मशीन व 47 अल्ट्रासाउण्ड मशीन उपलब्ध हैं।

जिसमें अल्मोड़ा व नैनीताल जनपद में 8-8 एक्स-रे मशीन, बागेश्वर, रूद्रप्रयाग व चम्पावत में 3-3, चमोली, ऊधमसिंह नगर व पिथौरागढ़ 7-7, देहरादून, हरिद्वार व उत्तरकाशी 6-6, पौड़ी 11 तथा टिहरी के विभिन्न विकासखण्डों में 9 एक्स-रे मशीन उपलब्ध हैं।

इसी तरह अल्मोड़ा व नैनीताल के विभिन्न विकासखण्डों की चिकित्सा इकाईयों में 3-3 अल्ट्रासाउण्ड मशीनें उपलब्ध हैं। जबकि पौड़ी व ऊधमसिंह नगर में 6-6, चमोली, टिहरी व पिथौरागढ़ में 5-5, उत्तरकाशी व देहरादून में 4-4, चम्पावत व रूद्रप्रयाग में 2-2 तथा बागेश्वर व हरिद्वार के विकासखण्डों में 1-1 अल्ट्रासाउण्ड मशीनें उपलब्ध हैं।

चमोली जनपद के देवाल, घेस, नंदप्रयाग व थराली, देहरादून में चकराता व कालसी विकासखण्डों में जहां अल्ट्रसाउण्ड व एक्स-रे मशीनें नहीं हैं वहां आवश्यकतानुसार मशीने उपलब्ध कराई जायेगी।

इसी प्रकार हरिद्वार जनपद के बहदराबाद, भगवानपुर, खानपुर, लक्सर व नारसन में अल्ट्रासाउण्ड मशीन उपलब्ध कराई जायेगी।

पौड़ी के द्वारीखाल, एकेश्वर, कल्जीखाल, नैनीडांडा, पाबौं व रिखणीखाल में अल्ट्रासाउण्ड मशीन जबकि जयहरीखाल, खिर्सू, कोट तथा पोखड़ा में अल्ट्रासाउण्ड व एक्स-रे दोनों मशीन उपलब्ध कराई जायेगी।

अन्य जनपदों के विकासखण्डों में भी अल्ट्रासाउण्ड व एक्स-रे मशीन पहुंचाई जायेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित