देहरादून , मार्च 15 -- कृषि मंत्री गणेश जोशी ने रविवार को देहरादून के न्यू कैंट रोड स्थित अपने आवास पर परिवार के साथ उत्तराखंड के लोक पर्व फूलदेई को हर्षोल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया।
इस दौरान पारंपरिक परिधान पहनकर पहुंचे पर्वतीय संस्कृति संरक्षण समिति और कुर्मांचल सांस्कृतिक एवं कल्याण परिषद के बच्चों ने गणेश जोशी के आवास की देहरी पर फूल और चावल अर्पित कर घर-परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
बच्चों ने फूल देई-छम्मा देई, जतुके दियाला-उतुके सई जैसे पारंपरिक लोकगीत गाकर पर्व की खुशियों को और भी बढ़ाया। उन्होंने बच्चों का स्वागत करते हुए उन्हें उपहार भेंट किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश वासियों को लोक पर्व फूलदेई की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत का यह पर्व प्रकृति, खुशहाली और नई ऊर्जा का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि बसंत ऋतु के आगमन पर मनाया जाने वाला यह पर्व हमारे समाज में प्रेम, सौहार्द और समृद्धि का संदेश देता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित