नयी दिल्ली , मार्च 28 -- उत्तराखंड विधानसभा के अगले वर्ष होने वाले चुनाव से पहले राजनीतिक दलों में हलचल शुरू हो गई है और इस क्रम में कई पूर्व विधायक, महापौर, पालिका अध्यक्ष तथा अन्य वरिष्ठ नेता भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) छोड़कर शनिवार को यहां कांग्रेस में शामिल हो गये।

कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन के दौरान पार्टी की प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत, विधायक दल के नेता यशपाल आर्य तथा अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में इन सभी नेताओं ने कांग्रेस का दामन थामा।

कांग्रेस की विचारधारा से प्रभावित होकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने का दावा करने वाले इन नेताओं में रुद्रपुर से दो बार भाजपा विधायक रहे राजकुमार ठुकराल, सितारगंज से दो बार विधायक रहे नारायण पाल, घनसाली के पूर्व विधायक भीम लाल आर्य, रुड़की के पूर्व महापौर गौरव गोयल, भीमताल क्षेत्र से जुड़े लखन सिंह तथा मसूरी नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष अनुज गुप्ता प्रमुख हैं।

श्री ठुकराल ने कहा कि उपेक्षा तथा विश्वासघात से आहत होकर वह कांग्रेस में शामिल हुए हैं। भीम लाल आर्य ने कहा कि कांग्रेस उनके लिए नयी नहीं है, वह पहले से ही पार्टी की विचारधारा से गहराई से जुड़े हैं।

सुश्री सैलजा ने आरोप लगाया कि उत्तराखंड में भाजपा सरकार के खिलाफ लोगों में भारी नाराजगी है और राज्य में भ्रष्टाचार बढ़ा है। विभिन्न मामलों का खुलासा कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने समय-समय पर किया है।

श्री गोदियाल ने कहा कि हाल के विरोध प्रदर्शनों में आम जनता का समर्थन पार्टी को मिला है और भाजपा सरकार पूरी तरह से दबाव में है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उनकी छवि को चमकाने की कोशिशें विफल रही हैं और वास्तविक स्थिति जनता के सामने आ चुकी है।

कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि राज्य की जनता अब परिवर्तन चाहती है और बड़ी संख्या में लोग पार्टी से जुड़ने के इच्छुक हैं। उन्होंने कहा कि शामिल हुए सभी नेताओं ने 2027 में कांग्रेस सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ काम करने का संकल्प लिया है।

पार्टी के अनुसार यह केवल शुरुआत है और आने वाले समय में जनता का आक्रोश जन आंदोलन का रूप ले सकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस जनता के सहयोग से भाजपा को सत्ता से बाहर करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित