ऋषिकेश , फरवरी 05 -- उत्तराखंड कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने प्रदेश सरकार की शराब और खनन नीति पर सवाल उठाया और कहा कि कांग्रेस 16 फरवरी को राजभवन का घेराव करेगी। उन्होंने बताया कि इस प्रदर्शन में कांग्रेस महिला उत्पीड़न, रोजगार और अन्य ज्वलंत मुद्दों को लेकर अपनी पूरी ताकत लगाएगी।
गुरुवार को ऋषिकेश मे पत्रकारों से बातचीत करते हुए डॉ. रावत ने कहा कि प्रदेश में महिला अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और राजधानी तक सुरक्षित नहीं है। रोजगार के मामले में उन्होंने बताया कि पिछले दस साल में केवल 23,000 लोगों को रोजगार मिला, जबकि प्रदेश में 55,000 पद रिक्त हैं।
डॉ. रावत ने अग्निवीर योजना पर भी सवाल उठाया और कहा कि यह योजना उद्योगपतियों को सुरक्षा तंत्र उपलब्ध कराने का तरीका है। उन्होंने शराब और खनन नीति को माफियाओं को लाभ पहुंचाने वाला करार दिया।
पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण, राजपाल खरोला, जयेद्र रमोला, एडवोकेट राकेश सिंह, राकेश अग्रवाल, भगवती प्रसाद सेमवाल, ललित मोहन मिश्र, देवेंद्र प्रजापति और गुरविंदर सिंह भी इस अवसर पर मौजूद रहे।
डॉ. रावत ने यह भी कहा कि उत्तराखंड की पहचान हमेशा से सांप्रदायिक सद्भाव वाली रही है लेकिन वर्तमान सरकार ने प्रदेश में सांप्रदायिक तनाव बढ़ाने का काम किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित