पौड़ी (सतपुली) , नवंबर 16 -- उत्तराखंड के पौड़ी जिले की नयार घाटी फरवरी 2026 में साहसिक खेल गतिविधियों का बड़ा केंद्र बनने जा रही है। सतपुली क्षेत्र के बिलखेत में 26 से 28 फरवरी तक तीन दिवसीय नयार वैली एडवेंचर फेस्टिवल 2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा।
इस दौरान पैराग्लाइडिंग, कयाकिंग, साइक्लिंग और एंग्लिंग जैसी रोमांचक गतिविधियों से पूरी नयार घाटी साहसिक खेलों और उत्साह से गूंज उठेगी।
इस महोत्सव का आयोजन जिला प्रशासन, पर्यटन विभाग एवं मत्स्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। हाल ही में जिलाधिकारी के निर्देशन में पर्यटन विभाग द्वारा बिलखेत में पैराग्लाइडिंग का सफल ट्रायल किया गया था। ट्रायल की सफलता के बाद अब तीन दिवसीय महोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी ने बताया कि नयार वैली एडवेंचर फेस्टिवल के अंतर्गत लैंसडाउन, खिर्सू और बिलखेत में साइक्लिंग रैली का आयोजन किया जाएगा। वहीं ढ़ाढूखाल से बिलखेत तक पैराग्लाइडिंग करायी जाएगी, जो प्रतिभागियों के लिए रोमांच के साथ-साथ नयार घाटी के प्राकृतिक सौंदर्य का अद्भुत अनुभव भी प्रदान करेगी।
इसके अलावा नयार नदी में कयाकिंग एवं एंग्लिंग प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इससे जल आधारित साहसिक खेलों को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। महोत्सव के दौरान बिलखेत में स्थानीय लोक संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित