मुंबई , दिसंबर 30 -- विदेशों से मिले मिश्रित संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को प्रमुख सूचकांक दिन भर के उतार-चढ़ाव के बाद मामूली गिरावट में बंद हुए।
बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 20.46 अंक (0.02 प्रतिशत) गिरकर 84,675.08 अंक पर बंद हुआ। यह ऊपर 84,806.99 अंक और नीचे 84,470.94 अंक तक गया।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 3.25 अंक यानी 0.01 प्रतिशत टूटकर 25,938.85 अंक पर आ गया।
वृहद बाजार पर दबाव रहा। मझौली और छोटी कंपनियों में बिकवाली ज्यादा देखी गयी। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.22 फीसदी और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.28 फीसदी नीचे बंद हुआ।
धातु, बैंकिंग और ऑटो सेक्टरों में लिवाली की जोर रहा। वहीं, रियलिटी, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, रियलिटी, आईटी, रसायन और स्वास्थ्य समूहों में बिकवाली हावी रही।
एनएसई में जिन 3,244 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें 1,723 के शेयरों में तेजी और 1,409 में गिरावट रही। अन्य 112 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित रहे।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 18 के शेयर लाल निशान में बंद हुए। इटरनल में सबसे अधिक 2.10 फीसदी की गिरावट रही। इंडिगो का शेयर 1.37 प्रतिशत, इंफोसिस का 1.28 और एशियन पेंट्स का 1.09 प्रतिशत टूट गया। अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फाइनेंस, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, आईटीसी, टाइटन और ट्रेंट के शेयर भी लाल निशान में बंद हुए।
टाटा स्टील का शेयर 2.03 प्रतिशत और महिंद्रा एंड महिंद्रा का दो प्रतिशत मजबूत हुआ। बजाज फिनसर्व का शेयर 1.66 प्रतिशत और एक्सिस बैंक का 1.13 प्रतिशत चढ़ गया। भारतीय स्टेट बैंक, भारती एयरटेल, एलएंडटी और अडानी पोर्ट्स में भी तेजी देखी गयी।
वैश्विक स्तर पर जापान का निक्केई 0.37 प्रतिशत लुढ़क गया जबकि हांगकांग के हैंगसेंग में 0.86 फीसदी की तेजी रही। चीन का शंघाई कंपोजिट सपाट बंद हुआ। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स और ब्रिटेन का एफटीएसई दोनों 0.19 प्रतिशत ऊपर थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित