मुंबई , दिसंबर 30 -- घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को कमजोर निवेश धारणा के बीच प्रमुख सूचकांक दिन भर के उतार-चढ़ाव के बाद मामूली गिरावट में बंद हुए।
बीएसई का सेंसेक्स 20.46 अंक (0.02 प्रतिशत) गिरकर 84,675.08 अंक पर रहा। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 3.25 अंक यानी 0.01 प्रतिशत टूटकर 25,938.85 अंक पर आ गया।
मझौली और छोटी कंपनियों में बिकवाली ज्यादा देखी गयी। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.22 फीसदी और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.28 फीसदी नीचे बंद हुआ।
धातु, बैंकिंग और ऑटो सेक्टरों में लिवाली की जोर रहा। वहीं, रियलिटी, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, रियलिटी, आईटी, रसायन और स्वास्थ्य समूहों में बिकवाली हावी रही। इटरनल का शेयर दो प्रतिशत के अधिक टूट गया। इंडिगो, इंफोसिस और एशियन पेंट्स में भी एक प्रतिशत से ज्यादा गिरावट रही। अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फाइनेंस, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, आईटीसी, टाइटन और ट्रेंट के शेयर भी लाल निशान में बंद हुए।
टाटा स्टील और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर लगभग दो फीसदी मजबूत हुए। बजाज फिनसर्व का शेयर 1.66 प्रतिशत और एक्सिस बैंक का 1.13 प्रतिशत चढ़ गया। भारतीय स्टेट बैंक, भारती एयरटेल, एलएंडटी और अडानी पोर्ट्स में भी तेजी देखी गयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित