पन्ना , फरवरी 04 -- मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में पुलिस ने उड़ीसा राज्य से अवैध रूप से गाँजा की तस्करी कर पन्ना लाने वाले 05 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 17 किलो 720 ग्राम अवैध मादक पदार्थ (गाँजा) जप्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 03 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। सभी आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक पन्ना निवेदिता नायडू ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि पवई एवं देवेन्द्रनगर थाना क्षेत्रों में अलग-अलग कार्रवाई कर अवैध मादक पदार्थ के साथ 05 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि जिले के समस्त थाना प्रभारियों को अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, विक्रय, उत्पादन एवं भंडारण में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं, जिसके तहत मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया है।

पुलिस के अनुसार, पवई थाना पुलिस ने स्टील के पाइप में छिपाकर ले जाए जा रहे अवैध गाँजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से कुल 08 किलो सूखा गाँजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब 01 लाख 60 हजार रुपये है। गिरफ्तार आरोपियों में रामगोपाल पटेल 40 वर्ष निवासी झमटुली थाना बमीठा जिला छतरपुर एवं महेन्द्र पटेल 22 वर्ष निवासी पठारी थाना बिजावर जिला छतरपुर शामिल हैं। दोनों के विरुद्ध थाना पवई में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गाँजा उड़ीसा से सस्ते दामों में लाकर पन्ना एवं आसपास के जिलों में बेचने की योजना बना रहे थे।

इसी तरह देवेन्द्रनगर थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पन्ना-सतना मुख्य मार्ग स्थित सुन्दरा तिराहा पर एक संदिग्ध बस को रोककर तलाशी ली। इस दौरान तीन युवकों के पास से बैग एवं थैलों में रखा कुल 09 किलो 720 ग्राम गाँजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 01 लाख 90 हजार रुपये है। पूछताछ में तीनों ने गाँजा उड़ीसा से लाकर पन्ना एवं आसपास के जिलों में विक्रय करने की बात स्वीकार की।

गिरफ्तार आरोपियों में ब्रजेश निषाद 20 वर्ष निवासी सेमरी पोस्ट बम्हौरी थाना धाता जिला फतेहपुर (उत्तर प्रदेश), पवन पटेल 19 वर्ष एवं भुमन पटेल 18 वर्ष निवासी ग्राम पुतरयान थाना बमीठा जिला छतरपुर शामिल हैं। तीनों के विरुद्ध थाना देवेन्द्रनगर में धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विधिवत गिरफ्तारी की गई है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी मादक पदार्थों की तस्करी के लिए अत्यंत शातिर तरीकों का इस्तेमाल कर रहे थे। गाँजा को खाने के डिब्बों, झाड़ू के हैंडल, स्टील पाइप, प्लास्टिक के तसले, बैग, जूते, पानी की बोतलों एवं टिफिन बॉक्स में कम्प्रेस कर छिपाया गया था, ताकि बाहरी रूप से किसी प्रकार का संदेह न हो।

पन्ना पुलिस द्वारा पिछले दो माह में अवैध गाँजा तस्करी के कुल 07 प्रकरण दर्ज कर 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनके कब्जे से करीब 01 क्विंटल गाँजा, जिसकी कीमत लगभग 15 लाख रुपये है, जप्त किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित