उज्जैन , अप्रैल 3 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि उज्जैन प्राचीन काल से समय गणना और खगोल विज्ञान का वैश्विक केंद्र रहा है। समय और अंतरिक्ष एक-दूसरे से अभिन्न रूप से जुड़े हुए हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को उज्जैन में "महाकाल द मास्टर ऑफ टाइम" अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के शुभारंभ अवसर पर संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा में समय की गणना सूर्य, ग्रहों की गति और ऋतु चक्र के आधार पर की जाती रही है। समय की नगरी उज्जैन में काल गणना का महत्व केवल धार्मिक नहीं, बल्कि पूर्णतः वैज्ञानिक है, जिसे हमारे पूर्वजों ने युगों पहले 'सूर्य सिद्धांत' जैसे ग्रंथों के माध्यम से प्रतिपादित किया था।

उन्होंने कहा कि उज्जैन और डोंगला क्षेत्र का खगोलीय महत्व इस परंपरा को प्रमाणित करता है और भविष्य में यह क्षेत्र अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान स्थापित करेगा। भारतीय खगोल विज्ञान की श्रेष्ठता पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय समय मापन पद्धति, सूर्योदय और सूर्यास्त पर आधारित होने के कारण ग्रहों की गति और पृथ्वी के घूर्णन के साथ सटीक तालमेल रखती है।

मुख्यमंत्री ने उज्जैन और डोंगला के भौगोलिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि कर्क रेखा और शून्य देशांतर के विशेष संबंध के कारण यह स्थान काल गणना का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार उज्जैन को धर्म नगरी के साथ-साथ विज्ञान नगरी के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में 15 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित नए साइंस सेंटर का लोकार्पण किया गया है तथा साइंस सिटी के विस्तार के लिए 25 एकड़ अतिरिक्त भूमि उपलब्ध कराई गई है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विज्ञान, तकनीक और नवाचार को मिल रहे प्रोत्साहन की सराहना करते हुए कहा कि देश परंपरा और आधुनिकता दोनों क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। डोंगला की वेधशाला के ऐतिहासिक महत्व का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि काल गणना का केंद्र उज्जैन से खिसककर अब डोंगला पहुंच गया है, जो खगोलीय घटनाओं के चक्र को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि यह तीन दिवसीय सम्मेलन और इसमें होने वाली ज्ञान चर्चाएं भविष्य में मील का पत्थर सिद्ध होंगी तथा उज्जैन पुनः विज्ञान, धर्म और अंतरराष्ट्रीय काल गणना के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित