उज्जैन , मार्च 29 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले में भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अधीन नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी के तहत 800 युवाओं को आपदा मित्र के रूप में प्रशिक्षित किया गया है, जो विभिन्न आपदाओं से निपटने के लिए तैयार हैं।
जिला कमांडेंट होमगार्ड संतोष कुमार जाट ने बताया कि आपदा मित्र योजना का द्वितीय सत्र 23 से 29 मार्च तक होमगार्ड लाइन में संचालित किया गया। इस दौरान 165 युवाओं को विशेष प्रशिक्षण दिया गया। जिले में अब तक कुल 800 युवा आपदा मित्र तैयार किए जा चुके हैं।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार प्रशिक्षण में युवाओं को बाढ़, भूकंप, आगजनी और मेडिकल इमरजेंसी जैसी आपदाओं से निपटने के तरीके सिखाए गए। प्रशिक्षण के पांचवें और छठवें दिन शिप्रा नदी के रामघाट पर नाव संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया, जिसमें चप्पू के माध्यम से नाव चलाने की तकनीक सिखाई गई।
इसके अलावा आग लगने की स्थिति में बचाव के उपाय और फायर एक्सटिंग्विशर के उपयोग का मॉकड्रिल के माध्यम से अभ्यास कराया गया। यह प्रशिक्षण एसडीआरएफ टीम, प्लाटून कमांडर्स और विषय विशेषज्ञों द्वारा दिया गया। प्रशिक्षित आपदा मित्र आगामी सिंहस्थ 2028 में शिप्रा नदी के घाटों पर सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की जिम्मेदारी निभाएंगे और आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित