उज्जैन , मई 04 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन में आगामी सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत आधुनिक तकनीक से सड़क निर्माण कार्य तेज गति से किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए आधुनिक मशीनों का उपयोग किया जा रहा है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार सिंहस्थ क्षेत्र में उजरखेड़ा से मोहनपुरा तक सीमेंट कांक्रीट सड़क का निर्माण पीक्यूसी पेवर मशीन के माध्यम से किया जा रहा है। इस तकनीक से सड़क निर्माण में लेवल की गड़बड़ी की संभावना नहीं रहती और सतह एक समान तथा मजबूत बनती है।
बताया गया कि मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि सिंहस्थ महापर्व के लिए सभी कार्य शीघ्र, गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित तरीके से पूर्ण किए जाएं, क्योंकि आयोजन के दौरान करोड़ों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। इसके मद्देनजर यातायात और भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए सड़क कनेक्टिविटी मजबूत की जा रही है।
कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी ली। निर्माण एजेंसी के अनुसार पीक्यूसी पेवर मशीन से कांक्रीट समान रूप से फैलती और दबती है, जिससे सड़क की मजबूती बढ़ती है और एयर पॉकेट्स कम होने से टिकाऊपन में वृद्धि होती है।
इस मशीन के उपयोग से निर्माण कार्य तेजी से पूरा हो रहा है और सेंसर तकनीक के कारण सड़क की सतह समतल एवं चिकनी बनती है, जिससे यात्रा अधिक सुरक्षित और आरामदायक होती है। साथ ही मशीनीकरण के कारण श्रम पर निर्भरता कम होने से लागत में भी कमी आती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित