उज्जैन , मार्च 24 -- मध्यप्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन में वर्ष 2028 में होने वाले सिंहस्थ महापर्व को मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की परिकल्पना के अनुरूप आयोजित करने की दिशा में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसके तहत विश्व प्रसिद्ध भगवान महाकालेश्वर मंदिर क्षेत्र के विकास के साथ उज्जैन-इंदौर मार्ग को सिक्स लेन से जोड़ने और शहर की आंतरिक सड़कों के चौड़ीकरण का कार्य तेजी से किया जा रहा है।

सिंहस्थ महापर्व के लिए चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा के तहत आज संभाग आयुक्त आशीष सिंह और कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने हरि फाटक ब्रिज क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान एमपी आरडीसी द्वारा बनाए जा रहे फोरलेन ब्रिज, अतिक्रमण हटाने, स्थल चयन और मशीनों की व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों से चर्चा की गई।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि महाकाल मंदिर के समीप स्थित हरि फाटक ब्रिज को टू लेन से सिक्स लेन में परिवर्तित किया जा रहा है। इसके लिए उज्जैन विकास प्राधिकरण द्वारा ब्रिज के आसपास स्थित दो दर्जन से अधिक मकानों को हटाने की कार्रवाई की जा रही है।

अधिकारियों के अनुसार प्रभावित मकानों के संबंध में पूर्व में नोटिस जारी किए जा चुके हैं और नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है, ताकि सिंहस्थ 2028 के लिए आवश्यक अधोसंरचना समय पर तैयार की जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित