उज्जैन , मार्च 24 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन में महाकालेश्वर मंदिर के समीप अवैध अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन ने आज बड़ी कार्रवाई करते हुए 16 अवैध इमारतों को जमींदोज कर दिया। इससे पहले प्रशासन द्वारा 42 अवैध मकानों को हटाया जा चुका है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार उज्जैन विकास प्राधिकरण की भूमि पर किए गए अवैध व्यावसायिक निर्माणों को ढहाने की कार्रवाई सुबह से ही शुरू कर दी गई थी। वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में आधा दर्जन पोकलेन और बुलडोजर मशीनों की मदद से इन अवैध भवनों को गिराया गया।

इस कार्रवाई के बाद महाकाल लोक और मंदिर जाने वाले मुख्य मार्ग नीलकंठ द्वार के आसपास का क्षेत्र साफ हो गया है। बेगमबाग क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई के तहत उन भूखंडों पर बने निर्माण हटाए गए, जो मूल रूप से आवासीय योजनाओं के लिए आरक्षित थे, लेकिन उन्हें व्यावसायिक रूप दे दिया गया था।

प्राधिकरण ने यह कार्रवाई न्यायालय से स्थगन आदेश समाप्त होने के बाद की है। कार्रवाई के दौरान उज्जैन विकास प्राधिकरण के अधिकारी, पुलिस बल, नगर निगम कर्मचारी और प्रशासनिक अमला मौके पर मौजूद रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित