उज्जैन , मार्च 24 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन स्थित महर्षि सांदीपनि राष्ट्रीय वेदविद्या संस्थान में छात्र की पिटाई के मामले को लेकर नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया ने आज विरोध प्रदर्शन कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

बताया गया कि चिंतामण गणेश मंदिर रोड स्थित संस्थान परिसर में हुई घटना का वीडियो हाल ही में वायरल हुआ, जिसमें सामवेद राणायनी शाखा के शिक्षक और वार्डन दत्तदास शेवड़े एक छात्र से पूछताछ करते हुए उस पर डंडे बरसाते दिखाई दे रहे हैं। जानकारी के अनुसार छात्र को दूसरे के बिस्तर पर सोने के कारण पीटा गया।

एनएसयूआई प्रदेश महासचिव हिमांशु शुक्ल के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने संस्थान प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की और निष्पक्ष जांच की मांग की। संगठन ने आरोप लगाया कि संस्थान में उन्हें प्रवेश नहीं दिया गया तथा परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे भी बंद पाए गए, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े होते हैं।

एनएसयूआई ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई, जिम्मेदार अधिकारियों के इस्तीफे, छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा विद्यालय में सीसीटीवी कैमरे चालू करने, नियमित काउंसलिंग और पर्याप्त स्टाफ की नियुक्ति की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित