चंडीगढ़ , दिसंबर 27 -- हरियाणा के पुलिस महानिदेशक ओ पी सिंह ने राज्य में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस अधिकारियों की उच्च स्तरीय बैठक बुलायी है। इस महत्वपूर्ण बैठक में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस आयुक्त, क्षेत्रीय उप पुलिस महानिरीक्षक तथा सभी जिलों के पुलिस अधीक्षक शामिल होंगे।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार बैठक का मुख्य उद्देश्य वर्ष 2025 के दौरान सामने आयी चुनौतियों, प्राप्त अनुभवों और उपलब्धियों की समीक्षा कर वर्ष 2026 के लिए एक प्रभावी अपराध नियंत्रण और सुरक्षा रणनीति तैयार करना है।

यह बैठक 28 दिसंबर को हरियाणा पुलिस अकादमी, मधुबन में आयोजित की जाएगी। बैठक में अपराध नियंत्रण, खुफिया तंत्र को मजबूत करने,आधुनिक तकनीक के उपयोग और जन-संपर्क को बेहतर बनाने पर विशेष चर्चा होगी। इसके साथ ही नीतिगत प्राथमिकताओं और पुलिस की संचार रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा।

बैठक में हाल ही में बढ़े फिरौती कॉल, कॉन्ट्रैक्ट किलिंग और संगठित अपराध के मामलों पर विशेष मंथन किया जाएगा। खासतौर पर उन अपराधों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा, जिनका संचालन जेलों या विदेशों से सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल माध्यमों के जरिए किया जा रहा है। ऐसे नेटवर्क पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लक्षित निगरानी, सटीक खुफिया सूचनाओं का आदान-प्रदान, जेल प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय और डिजिटल फॉरेंसिक क्षमताओं को मजबूत करने की रणनीति बनायी जाएगी।

इसके अलावा नशा तस्करी के खिलाफ चल रही राज्य की मुहिम को और तेज करने पर भी चर्चा होगी। राष्ट्रीय स्तर पर सराहना प्राप्त इस अभियान के तहत वर्ष 2026 में संगठित ड्रग कार्टेल के समूल उन्मूलन पर जोर दिया जाएगा। पंजाब, राजस्थान और दिल्ली से सटे सीमावर्ती जिलों में सक्रिय नशा तस्करी नेटवर्क की समीक्षा की जाएगी। साथ ही एनसीबी, बीएसएफ और पड़ोसी राज्यों की पुलिस के साथ समन्वय बढ़ाने, ड्रोन आधारित निगरानी, सप्लाई चेन ट्रैकिंग और आधुनिक तकनीकी विश्लेषण जैसे सफल प्रयोगों को साझा कर उन्हें और प्रभावी बनाने पर विचार किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित