नयी दिल्ली , दिसंबर 26 -- इंडिगो संकट की जांच के लिए गठित चार सदस्यीय उच्च स्तरीय समिति ने शुक्रवार को अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंप दी।

सरकार ने दिसंबर के पहले सप्ताह में इंडिगो की हजारों उड़ानें रद्द होने के बाद जांच के लिए 05 दिसंबर को एक समिति का गठन किया था। नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) में संयुक्त महानिदेशक संजय के. ब्राम्हणे की अध्यक्षता में गठित चार सदस्यीय समिति ने शुक्रवार को नागरिक उड्डयन मंत्रालय को अपनी रिपोर्ट सौंप दी।

इस समिति के अन्य सदस्यों में डीजीसीए के उप महानिदेशक अमित गुप्ता, वरिष्ठ फ्लाइट ऑपरेशन्स इंस्पेक्टर (एफओआई) कैप्टन कपिल मांगलिक और एफओआई लोकेश रामपाल शामिल थे।

समिति को इंडिगो के परिचालन में बड़े पैमाने पर हुए व्यवधान के कारणों की जांच की जिम्मेदारी दी गयी थी। साथ ही उसे भविष्य में इस तरह के संकट को रोकने के उपाय सुझाने के लिए भी कहा गया था।

इंडिगो ने एक सप्ताह में चार हजार से अधिक उड़ानें रद्द कीं जिससे लाखों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हजारों की संख्या में यात्री चेक-इन के बाद कई-कई घंटे तक हवाई अड्डे पर फंसे रहे। सबसे ज्यादा परेशानी 05 अक्टूबर को हुई जब 1,500 से अधिक उड़ानें रद्द रहीं।

समिति को रिपोर्ट सौंपने के लिए 15 दिन का समय दिया गया था। समिति ने शुक्रवार शाम अपनी रिपोर्ट सौंप दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित