दरभंगा , दिसम्बर 17 -- प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दरभंगा के अध्यक्ष शिव गोपाल मिश्रा के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए), दरभंगा के तत्वावधान में 2 उच्च माध्यमिक विद्यालय, बेनीपुर में बुधवार को विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गय।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार, दरभंगा की सचिव आरती कुमारी ने छात्र-छात्राओं को जिला विधिक सेवा प्राधिकार के उद्देश्य, कार्यों तथा जरूरतमंद एवं कमजोर वर्गों को उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क विधिक सहायता एवं सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बाल विवाह निषेध अधिनियम पर प्रकाश डालते हुए बाल विवाह के सामाजिक, शारीरिक एवं कानूनी दुष्परिणामों की जानकारी दी तथा बताया कि बाल विवाह कानूनन दंडनीय अपराध है।

इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को उनके संवैधानिक एवं विधिक अधिकारों से भी अवगत कराया गया तथा शिक्षा के महत्व पर बल दिया गया। साथ ही, युवाओं से अपील की गई कि वे सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जागरूक बनें और अपने परिवार व समाज में भी जागरूकता फैलायें।

सचिव आरती कुमार ने किसी भी प्रकार के अन्याय की स्थिति में जिला विधिक सेवा प्राधिकार से सहायता लेने के लिए छात्रों को प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राओं की सक्रिय सहभागिता रही और यह कार्यक्रम युवाओं में विधिक जागरूकता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित