भरतपुर , मार्च 26 -- राजस्थान में भरतपुर के बयाना के गढ़ी बाजना थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक किसान की उच्च क्षमता के बिजली के तारों की चपेट में आने से मौत हो गयी।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि नगला तीर गांव में किसान वकील सिंह गुर्जर (32) सुबह गेहूं की फसल काटने खेत पर जा रहा था। रास्ते में अचानक ही 11 केवी की क्षमता का तार टूटकर उसके ऊपर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। उसे परिजन बयाना उप जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इस घटना के बाद ग्रामीणों ने डिस्कॉम के खिलाफ रोष व्यक्त करते हुए प्रदर्शन किया। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित