भरतपुर , फरवरी 22 -- राजस्थान में धौलपुर में कोलारी के बहरावती गांव में रविवार को घरों में बिजली का करंट फैल जाने से एक महिला और पुरुष गंभीर रूप से झुलस गये। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना से गांव में अफरातफरी मच गई और घबराए ग्रामीणों ने घरों से भागकर सुरक्षित स्थानों पर शरण लेकर अपने प्राण बचाये। प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने हादसे के लिए डिस्कॉम की कथित लापरवाही को मुख्य कारण बताते विद्युत कार्यालय में कर्मचारियों का घेराव करके प्रदर्शन किया और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार उच्च क्षमता का तार घरेलू बिजली लाइन से टकरा गया। परिणामस्वरूप उच्च क्षमता का करंट घरों में दौड़ने से ग्रामीण झुलस गये। इसके साथ ही कई घरों में एसी, फ्रिज, पंखे और अन्य कई विद्युत उपकरण भी क्षतिग्रस्त हो गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित