ऋषिकेश , दिसंबर 28 -- उत्तराखंड के रिषीकेश में उच्चतम न्यायालय के आदेश के तहत वन विभाग से संबंधित खाली पड़ी भूमि के चिन्हीकरण की कार्रवाई विरोध के बीच लगातार जारी है।
वन विभाग, पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने रविवार को गुमानीवाला और शिवाजी नगर के आसपास खाली पड़ी भूमि की नपाई शुरू की। इस दौरान उच्च न्यायालय के आदेश से संबंधित सूचना बोर्ड भी चिन्हित भूमि पर लगाए गए।
कार्रवाई की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। बड़ी संख्या में लोगों ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शन किया और वन विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि न्यायालय के आदेश की आड़ में वन विभाग गलत कार्रवाई कर रहा है। लोगों ने इसे अंकिता भंडारी हत्याकांड से जनता का ध्यान भटकाने की साजिश बताया और कहा कि चुनाव के समय वोट मांगने वाले बड़े नेता अब मदद के वक्त गायब हैं।
विरोध के बीच प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि उच्चतम न्यायालय के आदेश के तहत केवल वन विभाग से संबंधित खाली पड़ी भूमि का चिन्हीकरण कर रिपोर्ट तैयार की जा रही है। जिन स्थानों पर पहले से मकान बने हैं, उन्हें छेड़ने का कोई इरादा नहीं है।
प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और कार्रवाई में सहयोग करने की अपील की है। वहीं क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल के बीच सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित