चंडीगढ़ , फरवरी 18 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार की नीयत, नीति और अंत्योदय के संकल्प के बल पर प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनी है। उन्होंने उचाना में आयोजित धन्यवाद रैली को संबोधित करते हुए 103 करोड़ 31 लाख रुपये की पांच विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें 28.54 करोड़ रुपये की तीन परियोजनाओं का उद्घाटन तथा 74.77 करोड़ रुपये की दो परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उचाना क्षेत्र को पूर्व सरकारों ने नजरअंदाज किया, लेकिन वर्तमान सरकार ने विकास के मामले में क्षेत्र का हक "सूद समेत" लौटाने का काम किया है। उन्होंने बताया कि पिछले 11 वर्षों में उचाना हलके में 98 घोषणाएं की गईं, जिनमें से 78 पूरी हो चुकी हैं और 15 पर कार्य प्रगति पर है। इस अवधि में 1,409 करोड़ रुपये विकास कार्यों पर खर्च किए गए, जबकि कांग्रेस शासनकाल में यह आंकड़ा 386 करोड़ रुपये था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित