सोनीपत , अप्रैल 19 -- हरियाणा के सोनीपत में रोडवेज के कर्मचारियों द्वारा एक ई-रिक्शा चालक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कंडक्टर द्वारा चालक को थप्पड़ मारते हुए देखा जा सकता है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना सुबह की बताई जा रही है सोनीपत के गांधी चौक के पास हुई।

पानीपत से आ रही रोडवेज बस को उस समय रुकना पड़ा, जब एक ई-रिक्शा ने रास्ता अवरुद्ध कर दिया। बताया जा रहा है कि कई बार कहने के बावजूद ई-रिक्शा चालक ने वाहन नहीं हटाया, जिससे वहां जाम की स्थिति बन गयी।

कंडक्टर सुधीर का आरोप है कि ई-रिक्शा चालक नशे की हालत में था और उसने अभद्र भाषा का प्रयोग किया। साथ ही, उस पर लोहे की रॉड से हमला करने की कोशिश का भी आरोप लगाया गया है। इसी दौरान विवाद बढ़कर हाथापाई में बदल गया।

वायरल वीडियो में कंडक्टर को रिक्शा चालक को धक्का देकर गिराते और थप्पड़ मारते हुए देखा जा रहा है, जबकि बस चालक उसे जबरन बस में बैठाने की कोशिश करता नजर आता है। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराया।

रोडवेज बस स्टैंड के महाप्रबंधक संजय कुमार ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गयी है। प्रारंभिक जांच में ई-रिक्शा चालक के नशे में होने और यातायात बाधित करने की बात सामने आयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित