भोपाल , अप्रैल 15 -- मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने ई-उपार्जन पोर्टल में 'सैटेलाइट सत्यापन' से जुड़ी गंभीर त्रुटियों को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि इससे हजारों किसान आर्थिक संकट के कगार पर पहुंच गए हैं।

श्री पटवारी ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में आरोप लगाया कि यह केवल प्रशासनिक विफलता नहीं, बल्कि सरकार की किसान हितैषी नीतियों की वास्तविकता को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि विभिन्न जिलों, विशेष रूप से विदिशा से प्राप्त जानकारी के अनुसार बड़ी संख्या में किसानों का सैटेलाइट सर्वे असफल घोषित कर दिया गया है, जबकि खेतों में वास्तविक रूप से गेहूं, चना और मसूर की फसलें बोई गई हैं।

उन्होंने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि उनके क्षेत्र में ही इस प्रकार की स्थिति सामने आना बेहद चिंताजनक है। आरोप है कि पोर्टल पर गलत जानकारी दर्ज होने के कारण किसानों को उपज बेचने की प्रक्रिया से बाहर कर दिया गया है।

पटवारी के अनुसार, ई-उपार्जन पोर्टल पर स्लॉट बुकिंग के दौरान 'सैटेलाइट द्वारा असत्यापित' का संदेश दिखाकर किसानों को उनकी उपज बेचने से रोका जा रहा है। इससे छोटे और सीमांत किसानों की स्थिति अत्यंत दयनीय हो गई है और उनकी आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है।

उन्होंने कहा कि किसानों के सामने शादी-ब्याह, बच्चों की फीस और कर्ज की किश्तों जैसी आर्थिक जिम्मेदारियां लंबित हैं, लेकिन सिस्टम की खामियों का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने 'कृषि कल्याण वर्ष' के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि पहले खरीदी में देरी और अब तकनीकी बाधाओं के कारण किसान परेशान हो रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित