नयी दिल्ली , मई 06 -- चुनाव आयोग ने कहा है कि हाल में हुए विधानसभा चुनाव और उपचुनाव के दौरान आयोग के आधिकारिक एप ''ईसीआईनेट'' सूचना के त्वरित संप्रेषण, चुनाव प्रक्रिया को व्यवस्थित करने के साथ ही सुदृढ़ साइबर सुरक्षा सुनिश्चित करने में अत्यंत प्रभावी सिद्ध हुआ है।
आयोग के एक प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि उसके सशक्त सूचना प्रौद्योगिकी मंच ''ईसीआईनेट'' ने चुनावी प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित बनाने के साथ ही तात्कालिक अनुश्रवण, शीघ्र प्रतिवेदन तथा पारदर्शिता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनका कहना था कि इस साल जनवरी में इस एप के औपचारिक शुभारंभ के बाद इसके उपयोग में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और 10 करोड़ से अधिक बार इसे डाउनलोड किया जा चुका है। इससे पूर्व इसका बीटा संस्करण नवंबर में बिहार चुनावों में प्रयुक्त किया गया था।
प्रवक्ता के अनुसार हाल ने हुए मतदान के दिनों नौ, 23 और 29 अप्रैल को ईसीआईनेट पर 98.3 करोड़ से अधिक हिट्स दर्ज की गईं, जबकि मतगणना के दिन चार मई को औसतन प्रति मिनट तीन करोड़ हिट्स दर्ज हुईं। इससे यह स्पष्ट होता है कि यह एप अत्यधिक प्रयोग होने के वावजूद सुचारु रूप से कार्य करने में सक्षम है।
उन्होंने बताया कि सुदृढ़ साइबर सुरक्षा प्रोटोकॉल के कारण मतगणना के दिन 68 लाख से अधिक दुर्भावनापूर्ण प्रयासों को प्रभावी ढंग से विफल किया गया। ये प्रयास देश के भीतर तथा विदेशों, दोनों स्थानों से किए जा रहे थे और परिणाम पोर्टल सहित प्रमुख चुनावी मंचों को लक्ष्य बना रहे थे।
आयोग ने यह भी बताया कि सुरक्षा सुदृढ़ करने की दिशा में इस बार मतगणना केंद्रों पर प्रथम बार क्यूआर कोड आधारित फोटो पहचान-पत्र प्रणाली लागू की गई। इसके अंतर्गत 3.2 लाख से अधिक क्यूआर कोड उत्पन्न किए गए, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सका कि केवल अधिकृत कार्मिक ही मतगणना स्थलों तक पहुंच सकें और किसी भी प्रकार के अनाधिकृत प्रवेश को रोका जा सके। ''ईसीआईनेट'' के उपयोग से चुनाव प्रबंधन में दक्षता, पारदर्शिता और सुरक्षा के नए मानदंड स्थापित हुए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित