नयी दिल्ली , फरवरी 04 -- ओलंपियन ईशा सिंह ने बुधवार को एशियन निशानेबाजी चैंपियनशिप 2026 में महिलाओं के 10मी एयर पिस्टल व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता, जबकि पुरुष वर्ग में मौजूदा विश्व चैंपियन सम्राट राणा को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। आज यहां भारत ने डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में महिलाओं की 10मी एयर पिस्टल में टीम स्वर्ण पदक और पुरुषों की स्पर्धा में रजत पदक भी जीता। इसी के साथ दो स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य सहित उनके पदकों की संख्या चार हो गई है।

एशियन गेम्स की रजत पदक विजेता और पेरिस 2024 की ओलंपियन ईशा सिंह ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में 239.8 अंकों के साथ दूसरा व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीता। 21 साल की ईशा सिंह ने एशियन चैंपियनशिप 2024 में भी इसी वर्ग की निशानेबाजी स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था। चीनी ताइपे की चेंग येन-चिंग ने को 235.4 अंक के साथ रजत पदक, जबकि उनकी हमवतन यू ऐ-वेन ने 217.7 के साथ कांस्य पदक जीता।

विश्व की नंबर दो सुरुचि इंदर सिंह ने भी भारत को रेस में बनाए रखा, फाइनल में अधिकतर समय स्ट्राइकिंग डिस्टेंस के अंदर रहने के बाद 197.7 अंक के साथ चौथे स्थान पर रहीं। मनु भाकर शुरुआती गिरावट के बाद सातवें स्थान पर रहीं। वह 25मी पिस्टल और 10मी मिश्रित टीम स्पर्धा में भी हिस्सा लेंगी।

इससे पहले दिन में, सुरुचि सिंह (576 अंक) ने मनु भाकर (575) और ईशा सिंह (575) के साथ क्वालिफाइंग राउंड में भारत के शानदार प्रदर्शन की अगुवाई की, जिससे मेजबान टीम ने कुल 1726 के स्कोर के साथ टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता।

संयम ने क्वालिफाइंग राउंड में 584 के स्कोर के साथ टॉप किया, लेकिन वह केवल रैंकिंग पॉइंट्स के लिए मुकाबला कर रही थीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित