वॉशिंगटन , मार्च 30 -- व्हाइट हाउस ने कहा है कि ईरान के साथ बातचीत जारी है और सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है, हालांकि तेहरान की ओर से इसके विपरीत बयान दिए जा रहे हैं।
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लीविट ने कहा कि ईरान के खिलाफ अमेरिकी सैन्य कार्रवाई में उसकी मिसाइल, ड्रोन और नौसैनिक उत्पादन क्षमता का लगभग 70 प्रतिशत हिस्सा प्रभावित हुआ है।
उन्होंने कहा, "यह आश्चर्य की बात नहीं है कि शासन के शेष तत्व अब विनाश को रोकने और समय रहते वार्ता की मेज पर आने के लिए अधिक उत्सुक हो रहे हैं।"सुश्री लीविट ने दावा किया, "सार्वजनिक रूप से जो बयान दिए जा रहे हैं और भ्रामक रिपोर्टिंग के बावजूद बातचीत जारी है और अच्छी तरह आगे बढ़ रही है।"उन्होंने कहा कि सार्वजनिक तौर पर जो कहा जा रहा है, वह निजी तौर पर व्यक्त किए गए रुख से अलग है।
अमेरिका इन वार्ताओं को प्रत्यक्ष बातचीत के रूप में प्रस्तुत कर रहा है, लेकिन मध्यस्थता से जुड़े दो अरब अधिकारियों के अनुसार संपर्क मुख्य रूप से तीसरे देशों के माध्यम से संदेशों के आदान-प्रदान तक सीमित है।
उल्लेखनीय है कि ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने सोमवार को कहा कि ईरान ने अब तक अमेरिका के साथ कोई "प्रत्यक्ष" वार्ता नहीं की, हालांकि मध्यस्थों के माध्यम से अमेरिकी संदेश उसे प्राप्त हुए हैं।
श्री बघाई ने सोमवार को साप्ताहिक प्रेस वार्ता में कहा, "जब अमेरिका वार्ता और कूटनीति की बात करता है तो संवेदनशीलता बढ़ना स्वाभाविक है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि स्वयं अमेरिका के भीतर भी इन दावों को कितनी गंभीरता से लिया जाता है।" उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर भी अमेरिका के कूटनीतिक दावों पर भरोसा सीमित है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित