मुंबई , मार्च 15 -- घरेलू शेयर बाजारों में लगातार दो सप्ताह से जारी भारी गिरावट के बाद आने वाले सप्ताह में भी ईरान युद्ध की स्थिति ही निवेश धारणा को तय करने वाला सबसे महत्वपूर्ण कारक होगा।

ईरान युद्ध जिस तरह से लंबा खिंच रहा है उससे दुनिया भर के शेयर बाजारों के साथ भारतीय शेयर बाजार भी दबाव में हैं। यदि स्थिति में सुधार नहीं होता है तो आने वाले सप्ताह में भी बिकवाली जारी रह सकती है। इसके अलावा, अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बैठक और उसके बयान पर भी निवेशकों की नजर रहेगी। यह बैठक 17-18 मार्च को होने वाली है। बीते सप्ताह घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को छोड़कर बाकी के चार दिन गिरावट रही। बीएसई का सेंसेक्स कुल मिलाकर 4,354.98 अंक (5.52 प्रतिशत) टूटकर सप्ताहांत पर 74,563.92 अंक पर बंद हुआ।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 1,299.35 अंक यानी 5.61 फीसदी गिरकर 23,151.10 अंक पर आ गया। दोनों सूचकांकों का यह 11 महीने का निचला स्तर है। इस साल 26 फरवरी के बाद से सेंसेक्स 7,685 अंक (9.34 प्रतिशत) और निफ्टी-50 सूचकांक 2,345.45 अंक (9.20 प्रतिशत) टूट चुका है। मझौली और छोटी कंपनियों के सूचकांकों में भी बड़ी साप्ताहिक गिरावट रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 4.77 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 3.66 प्रतिशत लुढ़क गया।

सेंसेक्स की 30 में से 27 कंपनियों में साप्ताहिक गिरावट रही। एलएंडटी का शेयर सबसे अधिक 12.86 प्रतिशत गिरा। अल्ट्राटेक सीमेंट में 11.51 फीसदी, महिंद्रा एंड महिंद्रा में 11.47, मारुति सुजुकी में 11.03, बजाज फाइनेंस में 9.99, एक्सिस बैंक में 9.02, भारतीय स्टेट बैंक में 8.46, कोटक महिंद्रा बैंक में 8.33, अडानी पोर्ट्स में 7.67 और टाटा स्टील में 7.61 प्रतिशत की गिरावट रही।

सप्ताह के दौरान बजाज फिनसर्व का शेयर 6.98 प्रतिशत, इटरनल का 6.96, ट्रेंट का 6.24, बीईएल का 6.14, टीसीएस का 5.76, इंडिगो का 5.61, एचडीएफसी बैंक का 4.68, इंफोसिस का 4.57 और आईसीआईसीआई बैंक का 4.50 प्रतिशत टूट गया। टाइटन का शेयर 3.98 फीसदी, एशियन पेंट्स का 3.66, भारती एयरटेल का 3.63, हिंदुस्तान यूनीलिवर का 2.94, आईटीसी का 2.66, एचसीएल टेक्नोलॉजीज का 2.31 और रिलायंस इंडस्ट्रीज का 1.75 प्रतिशत लुढ़का। एनटीपीसी में 1.05 प्रतिशत की तेजी रही। पावरग्रिड और सनफार्मा के शेयर भी साप्ताहिक बढ़त में रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित